देहरादून में बुधवार सुबह से ही मौसम का मिज़ाज बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर पर्वतीय जिलों में रात से जारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी ने तापमान को नीचे धकेल दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि प्रदेश में जारी यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। हालांकि विभाग ने आज के लिए किसी भी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन की स्थिति बन सकती है। 3000 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में हिमपात होने की आशंका भी जताई गई है। वहीं देहरादून, नैनीताल और टिहरी में भी कहीं-कहीं हल्की बौछारें और बिजली चमकने के हालात बन सकते हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून में आसमान दिनभर साफ और आंशिक बादलों के बीच उतार-चढ़ाव करता रहेगा।
कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं और हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री और न्यूनतम करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में मैदानी जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी हुई महसूस की गई। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
इधर प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। खासकर पहाड़ी मार्गों पर बारिश और बर्फबारी के दौरान भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
इस बीच चमोली से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदरीनाथ धाम क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद ढलान से बर्फ खिसककर नदी की ओर बहती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह दृश्य कंचनगंगा क्षेत्र के पास रिकॉर्ड किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह लगातार बदलते मौसम का ही असर है।

