प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार भी दिवाली जवानों के साथ मनाने जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी पीएम मोदी ने बॉर्डर पर तैनात सुरक्षाबलों के बीच जाकर त्योहार मनाने का फैसला किया है। पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार प्रधानमंत्री गोवा के समुद्र तट पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे।
बताया जा रहा है कि गोवा में जवानों के साथ दिवाली मनाने का यह फैसला पाकिस्तान पर किए गए ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी को समर्पित है। पहलगाम हमले के बाद भारत की इस बड़ी कार्रवाई को देश की जीत माना जा रहा है और अब उसी का जश्न जवानों के साथ साझा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी 2014 में पद संभालने के बाद से लगातार हर साल सीमाओं पर जाकर सैनिकों के साथ दिवाली मनाते हैं। वह हर बार जवानों को मिठाई खिलाते हैं दीप जलाते हैं और उनका हौसला बढ़ाते हैं। इस बार भी वही परंपरा निभाई जाएगी।
दिवाली से पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर संदेश दिया है। उन्होंने लिखा कि दीपों का यह पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लाए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार त्योहार को स्वदेशी उत्पादों के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि इस दिवाली भारतीय वस्तुएं खरीदें और गर्व से कहें कि यह स्वदेशी है।
देश के अलग अलग हिस्सों में दिवाली की रौनक दिख रही है। सीमाओं पर तैनात हमारे जवान भी अपने तरीके से त्योहार मना रहे हैं। प्रधानमंत्री जहां गोवा में नौसेना के बीच रहेंगे वहीं जैसलमेर से लेकर एलओसी तक सैनिक दीप जला कर देश की सुरक्षा का संकल्प दोहरा रहे हैं।
इस बार की दिवाली जवानों के लिए खास मानी जा रही है। ऑपरेशन सिंदूर में मिली जीत के बाद यह पहली दिवाली है जब पूरे देश में गर्व और जोश का माहौल है। सीमाओं पर भारत माता की जय के नारों के बीच दीपों की रौशनी गूंज रही है और हर चेहरे पर देशभक्ति की चमक दिखाई दे रही है।
