हादसा: देहरादून में नशे में धुत कार चालक ने तीन लोगों को रौंदा ,पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा नंदा की चौकी के पास हुआ जहां…

09 03 2025 road accident demo 23897209

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा नंदा की चौकी के पास हुआ जहां कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोग स्कूटी पर सवार थे जबकि तीसरा व्यक्ति पैदल चल रहा था। टक्कर लगते ही तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि चालक शराब के नशे में था और नियंत्रण खो बैठा था। पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है। घायलों की पहचान होटल लीव इन झाझरा निवासी राजू साहनी और उनकी पत्नी रेखा साहनी के रूप में हुई है जो स्कूटी पर सवार थे। वहीं नंदा की चौकी निवासी चंद्र जायसवाल पैदल जा रहा था जिसे भी चोटें आई हैं।

तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ समय पहले भी राजपुर रोड पर एक लग्जरी कार ने पैदल चल रहे चार लोगों की जान ले ली थी जबकि दो लोग घायल हुए थे। इसके अलावा जुलाई में पटेल नगर क्षेत्र के आईएसबीटी के पास एक बस की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई थी। शहर में इस तरह की घटनाएं लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं और पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।