अल्मोड़ा। मंत्री पेयजल, वर्षा जल संरक्षण मंत्री और प्रभारी मंत्री जिला अल्मोड़ा बिशन सिंह चुफाल और उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ज्योति साह मिश्रा द्वारा आजादी के महानायक टिहरी प्रजा परिषद के स्तंभ और बाल्यकाल में ही देश की आजादी के संकल्प के लिये कूद पड़ने वाले और अल्पायु में ही शहीद होने वाले श्रीदेव सुमन जी की पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण कर महामनीषी के त्याग, बलिदान और साहस को नमन कर श्रदा सुमन अर्पित किए।
ज्योति साह मिश्रा के निवास पहुंचे प्रभारी मंत्री बिशन सिंह चुफाल से बातचीत के दौरान ज्योति साह मिश्रा ने क्षेत्र में शीत ऋतु और ग्रीष्म ऋतु के दौरान जल संकट गहराने की बात बताते हुए कहा कि यदि वन पंचायतों में चाल खाल हेतु उचित धनराशि स्वीकृति करवा दी जाए औऱ उन्हें सुव्यवस्थित तरीके से बनाया जाए तो वर्तमान वर्षा ऋतु में व्यापक मात्रा में जल संरक्षण किया जा सकता है। कहा कि प्राकृतिक स्रोतों का भी पुनर्जन्म होना संभव है। कुछ वन पंचायतों हेतु बजट चाहने हेतु ज्योति साह मिश्रा द्वारा प्रस्ताव भी दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व रानीखेत जिला अध्यक्ष दीप भगत, प्रदीप बिष्ट, आशु साह,पप्पू साह ,थानाध्यक्ष यादव उपस्थित रहे।

