बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के घर खुशियों ने दस्तक दे दी है। कपल माता-पिता बन गया है और उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। राघव चड्ढा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खुशखबरी को फैंस के साथ साझा किया है।
कुछ दिनों पहले ही परिणीति दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हुई थीं। इसी बीच दिवाली से पहले यह खुशखबरी सामने आई है, जिससे फैंस और करीबियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
राघव ने अपनी पोस्ट में लिखा, वो आखिरकार आ गया है, हमारा बेटा। अब तो हमें याद ही नहीं कि उसके आने से पहले जिंदगी कैसी थी। हमारी बाहें अब हमारे छोटे से बच्चे से भरी हैं और दिल पहले से कहीं ज्यादा खुश है। पहले हमारे पास एक-दूसरे का साथ था, अब हमारे पास सब कुछ है। इस खुशी के लिए हम दिल से आभारी हैं।
राघव और परिणीति की पोस्ट पर बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक जगत तक के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
बता दें कि अगस्त में परिणीति और राघव ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। इसके बाद से ही फैंस इस खुशखबरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने 13 मई 2023 को दिल्ली में सगाई की थी और फिर 24 सितंबर 2023 को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों की जोड़ी को फैंस ने हमेशा खूब प्यार दिया है और अब उनके परिवार में नए मेहमान के आने से खुशी का माहौल है।
