लालकुआं क्षेत्र से स्कूल से घर लौटते समय अचानक लापता हुई एक स्कूली छात्रा को नैनीताल पुलिस ने मात्र 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित ढूंढ निकाला है। परिजनों द्वारा किसी अनहोनी की आशंका जताए जाने के बाद एसएसपी डॉ मंजुनाथ टीसी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले की पुलिस को तुरंत अलर्ट मोड पर डाल दिया था।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और 5 घंटे के भीतर ही लापता बच्ची की सुरक्षित लोकेशन दिल्ली में ट्रेस कर ली।
5 घंटे में 50 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाल कर मिली कामयाबी
बालिका की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों ने रिकॉर्ड समय में अपना काम शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र के 50 से भी अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला।
इसी तकनीकी विश्लेषण और पुलिस की सटीक मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम महज 5 घंटे के भीतर बालिका की लोकेशन दिल्ली तक ट्रेस करने में पूरी तरह सफल रही। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि बालिका पूरी तरह से सुरक्षित है।
दिल्ली रवाना हुई पुलिस की स्पेशल टीम
बच्ची की लोकेशन दिल्ली में मिलते ही एसएसपी के सख्त निर्देशों पर एक विशेष पुलिस टीम तत्काल दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई है। बालिका को सकुशल वापस लाकर वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
इस पूरे संवेदनशील और त्वरित ऑपरेशन में एसएसपी डॉ मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, और लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के साथ साथ डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल सेल ने एक बेहतरीन टीम के रूप में काम किया।
बच्ची की सुरक्षा थी सबसे बड़ी प्राथमिकता
इस अहम और त्वरित कामयाबी पर नैनीताल के एसएसपी डॉ मंजुनाथ टीसी ने कहा कि बच्ची की सुरक्षा पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती और पहली प्राथमिकता थी।
उन्होंने बताया कि पूरी टीम ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए मात्र 5 घंटे के भीतर 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बच्ची को सफलता पूर्वक ट्रेस कर लिया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बालिका को सकुशल वापस लाने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।


