Almora: कांग्रेस प्रत्याशी मनोज तिवारी ने भाजपा पर ‌लगाया विकास कार्यों को रोकने का आरोप

अल्मोड़ा‌। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांंग्रेस के अल्मोड़ा विधानसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी मनोज तिवारी ने आज एक प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर हर मोर्चे…

अल्मोड़ा‌। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांंग्रेस के अल्मोड़ा विधानसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी मनोज तिवारी ने आज एक प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर हर मोर्चे पर फेल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन की वजह से पार्टी ने उन पर विश्वास व्यक्त कर उन्हें अल्मोड़ा विधानसभा से प्रत्याशी बनाया है जिसके लिए वे शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं।


तिवारी ने पूर्ववर्ती सरकार को पूरी तरह से विकास विरोधी सरकार करार दिया।उन्होंने कहा कि पूर्व में उन्हें 2012 से 2017 तक जनता की सेवा करने का उन्हें मौका मिला और उन्होंने अपने यथासंभव प्रयास कर विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने अपने अथक प्रयासों से अल्मोड़ा को मेडिकल कालेज की सौगात दी, परन्तु 2007 से 2012 तक भाजपा की सरकार में भाजपा के दो मुख्यमंत्रियों ने केवल मेडिकल कालेज का भूमि पूजन करने का कार्य किया।


तिवारी ने कहा कि 2012 में सरकार बनने के बाद उन्होंने 122 करोड़ रूपये मेडिकल कालेज के लिए अवमुक्त किए तथा मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य आरम्भ करवाया जिसे 2017 में सत्ता में आने के पांच साल बाद आज तक भी सरकार अभी तक संचालित नहीं करवा पाई। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की पेयजल समस्या के निवारण के लिए अपने कार्यकाल में उन्होंने 25 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करा ढाई साल में इसे बनवाया।द्वितीय चरण में मटेला पेयजल योजना को प्रारम्भ करवाने का काम उनके द्धारा किया गया।


उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में साइंस सिटी पार्क,फूड क्राफ्ट इन्स्टीट्यूट, उत्तराखंड आवासीय विश्वविद्यालय, बाड़ेछीना में पॉलिटेक्निक, विद्यालयों का उच्चीकरण, सत्तर से अस्सी मोटर मार्गों का निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को उन्होंने अमलीय जामा पहनाने का कार्य किया। कहा कि अपने कार्यकाल में हार्ट केयर यूनिट को बेस चिकित्सालय में प्रारम्भ करवाने का कार्य किया गया लेकिन 2017 में सरकार बनने के बाद भाजपा सरकार इस हार्ट केयर यूनिट का करार आगे नहीं बढ़ा पाई और अति महत्वपूर्ण हार्ट केयर यूनिट को बन्द कर दिया गया जो कि अल्मोड़ा के लोगों के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा।


कहा कि भाजपा सरकार में अल्मोड़ा में विकास की योजनाएं के नाम पर कोई भी कार्य नहीं किया गया।श्री तिवारी ने कहा कि यदि जनता इस चुनाव में उन्हें अपना आर्शीवाद देती है तो वे अल्मोड़ा में सीवरेज की व्यवस्था, पर्यटन की सम्भावनाओं के लिए प्रयास,जिला विकास प्राधिकरण से जनता को निजात दिलवाने के लिए,रोजगार की योजनाओं,पलायन को रोकने के साथ ही स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए समुचित कार्य करेंगें।


इस दौरान उत्तराखंड कांंग्रेस की मीडिया कार्डिनेटर आकांशा ओला ने कहा कि भाजपा ने विकास के नाम पर केवल उत्तराखंड को तीन मुख्यमंत्री देने का कार्य किया है। चेहरा बदलने से भाजपा अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में भी भाजपा विकास के नाम पर कुछ नही कर पाई और जवाबदेही से बचने के लिए यहां भी केवल चेहरा बदल दिया गया।उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की करनी और कथनी को समझ चुकी है और इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को देगी।


प्रेस वार्ता उनके साथ कांंग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, कांग्रेस की मीडिया कार्डिनेटर आकांक्षा ओला, कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला,महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लता तिवारी,एडवोकेट महेश चन्द्र आर्य मौजूद रहे।