अहमदाबाद (8 मार्च 2026): नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीली जर्सी का समंदर उमड़ पड़ा है। भारत अपने दूसरे टी20 विश्व कप खिताब को चूमने से महज कुछ ही कदम दूर है। 256 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय स्पिन और रफ्तार के आगे पूरी तरह बेबस नजर आ रही है। ताजा समाचार लिखे जाने तक न्यूजीलैंड की टीम 15 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 139 रन बना चुकी है।
मैच का ताजा हाल: न्यूजीलैंड पस्त
न्यूजीलैंड को 124 रन के स्कोर पर छठा झटका लगा है। खतरनाक बल्लेबाज डेरिल मिचेल (17 रन) को अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी में फंसाकर पवेलियन भेज दिया है। अक्षर की इस मैच में यह तीसरी सफलता है, उन्होंने कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी है।
भारत की ऐतिहासिक बल्लेबाजी (255/5)
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी:
संजू सैमसन (89) और अभिषेक शर्मा (52) ने मिलकर फाइनल की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप की। ईशान किशन (54) ने भी अर्धशतक जड़कर टीम को 200 के पार पहुंचाया। अंत में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में 26 रन कूटकर भारत का स्कोर 255 तक पहुंचा दिया, ये स्कोर वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।
गेंदबाजी में चमके ‘बापू’ और बुमराह
अक्षर पटेल: 3 विकेट लेकर मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया। तो वही जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र को आउट कर कीवियों को बैकफुट पर धकेला।
अर्शदीप और मिचेल की नोकझोंक:
11वें ओवर में अर्शदीप और मिचेल के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अपनी परफॉरमेंस से जवाब दिया। न्यूजीलैंड को अब आखिरी 5 ओवरों में जीत के लिए 23 से ज्यादा की रन रेट से रनों की जरूरत है, जबकि उनके पास केवल 4 विकेट बचे हैं। अहमदाबाद के मैदान पर भारतीय फैंस ने ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
