अल्मोड़ा में तेंदुए की दहशत, घरों से निकलने से डर रहे लोग – कांग्रेस नेता तारा चंद्र जोशी ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग

शाम होते ही सन्नाटा, लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे अल्मोड़ा नगर के लाला बाज़ार, नंदा देवी, उप्रेती खोला, बिष्टाकूड़ा, गोपालधारा, चीनाखान, धारानौला…


शाम होते ही सन्नाटा, लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे

अल्मोड़ा नगर के लाला बाज़ार, नंदा देवी, उप्रेती खोला, बिष्टाकूड़ा, गोपालधारा, चीनाखान, धारानौला और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोग दहशत में हैं। खासकर शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट

महानगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि तेंदुए की बढ़ती आमद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने इसे चिंताजनक स्थिति बताते हुए कहा कि वन विभाग को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

नवरात्रि से पहले बढ़ी चिंता

जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी है और नवरात्रि पर्व नजदीक होने के कारण नगर में जगह-जगह रामलीला की तालीम, माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का निर्माण और रावण दहन की तैयारियां चल रही हैं। इन गतिविधियों के चलते कलाकार और युवा देर रात तक बाहर रहते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे तेंदुए के वीडियो

कांग्रेस नेता तारा चंद्र जोशी ने कहा कि स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर लगातार तेंदुए की मौजूदगी के वीडियो साझा कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग अभी तक कोई ठोस कदम उठाता नहीं दिख रहा हैं। इस लापरवाही को लेकर नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराज़गी है।

जोशी ने ज़ोर देकर कहा कि वन विभाग को तुरंत स्थानीय नागरिकों और पार्षदों से संपर्क कर तेंदुए से प्रभावित इलाकों में पिंजड़े लगाने चाहिए और नगर क्षेत्र में नियमित गश्त लगानी चाहिए।

आंदोलन की दी चेतावनी

जोशी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेसजन स्थानीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।