आंगन में चावल कूट रही महिलाओं पर झपटा गुलदार, तीन घायल

पिथौरागढ़। जनपद के बांस क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह च्यूड़े कूट रही (भैया दूज के लिए ओखली में खास तरह से चावल कूटना)…

Whats App Image 2026 03 19 at 11 25 19 AM

पिथौरागढ़। जनपद के बांस क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह च्यूड़े कूट रही (भैया दूज के लिए ओखली में खास तरह से चावल कूटना) गुलदार ने हमला कर तीन महिलाओं को घायल कर दिया। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना से क्षेत्र में दहशत है। जिलाधिकारी के निर्देश पर वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया है और टीम गश्त कर रही है।


जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर खतीगांव के ग्राम सलकोट में बुधवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे महिलाएं आंगन में च्यूड़े कूट रही थीं। इसी दौरान तेंदुए ने महिलाओं पर हमला कर दिया, जिससे महिलाओं के बीच चीख पुकार मच गई। ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े और शोर शराबे के बीच गुलदार जंगल की तरफ भाग गया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272


‌‌ हमले में पदमा देवी (50 वर्ष) पत्नी कृष्णा राम, कस्तूरा देवी (40) पत्नी जीवन लाल और मीना देवी (30) पत्नी फकीर राम घायल हो गईं। तीनों महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। इनमें से दो महिलाओं के पांव और एक के हाथ में जख्म बताया गया है।

वहीं घटना की सूचना पाकर भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य बिरेंद्र बोहरा ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डीएफओ से वार्ता कर मुआवजा देने की मांग की। इधर डीएम विनोद गोस्वामी के निर्देश पर वन विभाग के रेंजर पूरन सिंह देउपा के नेतृत्व में विभागीय टीम क्षेत्र में पहुंची। टीम पिंजरा लगाने के साथ ही क्षेत्र में गश्त भी कर रही है। बहरहाल घटना से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बढ़ गई है।