अल्मोड़ा। दिनांक 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा का शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय, भारत सरकार की उपसचिव इरा सिंघल (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण दल में डी.डी. शर्मा (उपायुक्त, जवाहर नवोदय विद्यालय – क्षेत्रीय कार्यालय पटना संभाग), सलाहकार और राज्य समन्वयक बरखा शामिल रहीं।
विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या मीना राणा ने स्काउट गाइड की कलर पार्टी के साथ निरीक्षण दल का स्वागत किया। इसके पश्चात प्राथमिक विभाग की छात्राओं ने पारंपरिक स्वागत और कठपुतली प्रदर्शन प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत, नृत्य और लघुनाट्य भी पेश किए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टी.एल.एम. प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न विषयों के प्रोजेक्ट्स, बैग-लेस डे की गतिविधियों, रोबोटिक्स आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग के सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह, प्रभारी प्राचार्य पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सौरखंड वेदप्रकाश शर्मा भी उपस्थित रहे।
साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी रवि मेहरा, एवं जिला समन्वयक प्रदीप सिंह बिष्ट और नीरज जोशी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
इरा सिंघल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कमजोरियों को पीछे छोड़कर कठोर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए, तभी सफलता मिलती है। निरीक्षण दल ने विद्यालय में पीएम श्री योजना के अंतर्गत चल रही गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अंत में प्राचार्य मीना राणा ने निरीक्षण दल एवं सभी उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
