मिर्जापुर के कटरा कोतवाली परिसर में शनिवार शाम को सियासी संग्राम छिड गया। राज्य मंत्री सोहन श्रीमाली भाजपा कार्यकर्ता के साथ धरना देने के लिए बैठ गए। बताया जा रहा है कोतवाली क्षेत्र में किसी मामले को लेकर पुलिस ने भाजपा नगर पूर्व के महामंत्री व अधिवक्ता कृष्ण कुमार सिंह के साथ मारपीट किया और उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद माहौल गर्म हो गया। राज्यमंत्री और कार्यकर्ता धरने पर बैठकर दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग करने लगे। इस बीच मौके पर पुलिस के बड़े अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश करने लगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जब तक आरोपी उप निरीक्षक के खिलाफ कार्यवाही नहीं की जाएगी तब तक यह धरना जारी रहेगा। दबाव बढ़ते हुए देख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने तत्काल उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया।
धरना खत्म कराने और माहौल शांत कराने के लिए पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश का माहौल है।
