देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में मेहूवाला में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने वन विहार स्थित एक घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया।
बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट की और बंदूक के बल पर एक लाख रुपए की नगदी व 50 लाख रुपए के जेवर लूट लिए और फरार हो गए।
घटना मेहूंवाला के वन विहार में समृद्ध परिवार शराफत अली के यहां गुरुवार रात हुई।
घटना के वक्त वह अपने चाचा की दुकान पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी रुबिना, सास सबिना, तीन छोटे बच्चे और पड़ोस में रहने वाली नेहा मौजूद थीं। तभी अचानक नकाबपोश चार बदमाश घर में घुस आए।
बदमाशों ने घर में घुसते ही महिलाओं और बच्चों को हथियारों के बल पर काबू में कर लिया। विरोध करने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। डरे-सहमे परिवार से बदमाशों ने घर में रखे एक लाख रुपये लूट लिए और शराफत की पत्नी रुबिना के शरीर से सोने-चांदी के जेवरात भी उतरवा लिए।
इसके अलावा घर में रखे गहने भी लूट गए। बदमाशों के जाते ही शराफत को उनकी पत्नी ने फोन किया। तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसरों में हड़कंप मच गया। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। लुटेरों की तलाश में पुलिस और एसओजी जांच कर रही है।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के पास लगे कैमरों में संदिग्धों की फुटेज मिली है। पुलिस अब बदमाशों के रूट को मैप कर रही है। बदमाशों के सहारनपुर की तरफ भागने की संभावना है।
