रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना, 20 और 21 फरवरी को कई रूटों पर बदल जाएगा ट्रेनों का संचालन

देहरादून से आसपास के रूटों पर अगले दो दिन रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। अंबाला मंडल के हिंडन केबिन यार्ड में ट्रैक सुधार और…

1200 675 26082663 thumbnail 16x9 pic 15 aspera

देहरादून से आसपास के रूटों पर अगले दो दिन रेल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। अंबाला मंडल के हिंडन केबिन यार्ड में ट्रैक सुधार और विकास कार्य शुरू होने के कारण 20 और 21 फरवरी को ट्रैफिक ब्लॉक लागू किया गया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

इस वजह से मुरादाबाद मंडल से होकर गुजरने वाली सात ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए गए हैं। तीन पैसेंजर ट्रेनों को सीमित दूरी तक चलाया जाएगा, जबकि दो एक्सप्रेस ट्रेनें सौ मिनट की देरी से रवाना होंगी। दिल्ली हरिद्वार एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव लागू किया गया है, जिससे मुरादाबाद और सहारनपुर रूट पर सफर करने वाले लोगों को दिक्कत आ सकती है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने कहा कि ट्रैक अपग्रेडेशन के चलते यह बदलाव जरूरी है और यात्रियों से आग्रह किया कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें।

ट्रेनों के बदले संचालन के अनुसार, 14305 दिल्ली हरिद्वार एक्सप्रेस 20 फरवरी को सहारनपुर के रास्ते चलाई जाएगी और अपने सभी तय स्टॉप पर रुकेगी। ऋषिकेश श्रीनगर गंगा एक्सप्रेस और हरिद्वार अमृतसर एक्सप्रेस आज तय समय से करीब 100 मिनट बाद रवाना होंगी। देहरादून सहारनपुर और सहारनपुर देहरादून पैसेंजर ट्रेनें 20, 21 और 22 फरवरी को सिर्फ लक्सर तक जाएंगी, जबकि लक्सर से आगे इनका संचालन निरस्त रहेगा। ओखा देहरादून उत्तरांचल एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों को दिल्ली मंडल में नियंत्रित किया जाएगा।

इस बीच होली से पहले लंबी दूरी की ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है। देहरादून से वाराणसी, गोरखपुर और हावड़ा जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में मार्च के शुरुआती दिनों तक स्लीपर क्लास पूरी तरह भर चुका है। जनता एक्सप्रेस में 1 से 3 मार्च तक टिकट नहीं मिल रहा है और एसी श्रेणियों में भी भारी वेटिंग जारी है। राप्तीगंगा और राप्ती एक्सप्रेस में भी फरवरी के आखिरी सप्ताह में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। हावड़ा रूट की कुंभ एक्सप्रेस 9 मार्च तक स्लीपर में फुल है, जबकि एसी कोचों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। उपासना एक्सप्रेस 28 फरवरी तक रद्द है और 4 मार्च से दोबारा शुरू होगी, लेकिन इसके कोचों में भी सीटें लगभग भर चुकी हैं।