वृन्दावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनकी सेहत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही है और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। प्रेमानंद महाराज अपने प्रवचनों से लाखों लोगों के जीवन को दिशा देने वाले संत माने जाते हैं। हर दिन उनके दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटती है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वे अपने रोजाना के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से जूझ रहे हैं और उन्हें नियमित डायलिसिस की जरूरत पड़ती है। पिछले दो दिनों से वह सुबह की अपनी पदयात्रा पर भी नहीं जा पाए हैं। इस वजह से उनके भक्तों में चिंता का माहौल है। सुबह महाराज के दर्शन के लिए कई लोग पहले की तरह रास्ते पर उनका इंतजार करते रहे लेकिन जब वह नहीं आए तो सबकी बेचैनी बढ़ गई।
आश्रम की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है कि स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उनकी सुबह की पदयात्रा को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है। आश्रम की ओर से भक्तों से यह भी अपील की गई है कि वे मार्ग पर खड़े होकर महाराज का इंतजार न करें क्योंकि फिलहाल उन्हें पूरा आराम देना जरूरी है।
डॉक्टरों ने प्रेमानंद महाराज को अगले कुछ दिनों तक किसी भी तरह की शारीरिक गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी है। आश्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि महाराज की हालत स्थिर है और जल्द ही वे स्वस्थ होकर अपने भक्तों के बीच लौटेंगे। इस बीच भक्त लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके अनुयायियों ने दुआओं का सिलसिला शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई बार तबीयत खराब होने की वजह से महाराज को अपनी पदयात्रा रोकनी पड़ी थी। उनकी यह यात्रा केवल वृंदावन ही नहीं बल्कि देश और विदेश में बसे उनके भक्तों के लिए भी आस्था का प्रतीक है। फिलहाल सभी भक्त यही कामना कर रहे हैं कि महाराज जल्दी ठीक होकर फिर से सबका मार्गदर्शन करें।
