नैनीताल (उत्तरा न्यूज़): उत्तराखंड की शांत वादियों से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही एक युवती के साथ नशे में धुत टैक्सी चालक ने न केवल अपहरण की कोशिश की, बल्कि उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास और मारपीट भी की। युवती ने अपनी जान बचाने के लिए पूरी रात घने जंगल में छिपे रहकर बिताई।
हाईवे छोड़ लिंक रोड पर ले गया टैक्सी चालक
घटनाक्रम के अनुसार, दिल्ली निवासी युवती शुक्रवार रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से नैनीताल के लिए टैक्सी से रवाना हुई थी। नैनीताल से महज 12 किलोमीटर पहले, हल्द्वानी रोड पर चालक ने अचानक गाड़ी को मुख्य हाईवे से हटाकर आडूखान की ओर जाने वाली सुनसान लिंक रोड पर मोड़ दिया। युवती ने जब इसका विरोध किया, तो चालक ने गाड़ी रोक दी और उसके साथ छेड़खानी और दुराचार का प्रयास शुरू कर दिया।
कलमठ में छिपकर काटी खौफनाक रात
युवती ने जब खुद को बचाने के लिए शोर मचाया और संघर्ष किया, तो आरोपी चालक ने उसके साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए युवती अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गई। उसने सड़क किनारे एक कलमठ (Culvert) में खुद को छिपा लिया। रात के सन्नाटे और अंधेरे में जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला, तो टैक्सी चालक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय महिला बनी मददगार
पूरी रात दहशत में बिताने के बाद, शुक्रवार सुबह जब आडूखान की एक स्थानीय महिला वहां से गुजरी, तो युवती ने उससे मदद मांगी। महिला ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए युवती को सुरक्षित थाने पहुंचाया।
पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल टेस्ट
नैनीताल पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर अज्ञात टैक्सी चालक के खिलाफ अपहरण, मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और युवती का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अब टैक्सी के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
