नाहरगढ़ किले में सजेगा हरमनप्रीत कौर का मोम स्टेच्यू, सचिन धोनी और विराट के बीच दिखेगी महिला क्रिकेट की शेरनी

जयपुर में जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की मोम की प्रतिमा लगने जा रही है। यह प्रतिमा नाहरगढ़ किले में…

जयपुर में जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की मोम की प्रतिमा लगने जा रही है। यह प्रतिमा नाहरगढ़ किले में बने जयपुर वैक्स म्यूजियम में स्थापित की जाएगी। म्यूजियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि हरमनप्रीत कौर महिला शक्ति और आत्मविश्वास की सच्ची पहचान हैं। उन्होंने अपने दम पर भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है और देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया था। उनका जज़्बा और समर्पण आज देश की हर लड़की के लिए प्रेरणा बन चुका है। श्रीवास्तव का कहना है कि इस स्टेच्यू का मकसद सिर्फ किसी मशहूर शख्सियत की प्रतिमा बनाना नहीं है बल्कि यह दिखाना है कि मेहनत और हिम्मत से कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है। उनके अनुसार वैक्स स्टेच्यू बनाने का काम जल्द शुरू होगा और इसे अगले साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जनता के सामने पेश किया जाएगा।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लेकर आई। कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ टीम में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर जैसी खिलाड़ी शामिल थीं जिन्होंने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया।

जयपुर वैक्स म्यूजियम में पहले से ही सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे क्रिकेटरों की प्रतिमाएं मौजूद हैं। इनके साथ अब हरमनप्रीत कौर का नाम भी इस सूची में जुड़ने वाला है। म्यूजियम में कुल 45 मोम की मूर्तियां हैं जिनमें कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हैं।