गौतम गंभीर को ‘आईएसआईएस’ के नाम पर जान से मारने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को लेकर देशभर में चिंता का माहौल बना हुआ है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम…

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को लेकर देशभर में चिंता का माहौल बना हुआ है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे हलचल और बढ़ गई है। यह धमकी उन्हें एक अज्ञात ईमेल के जरिए मिली, जिसमें ‘आईएसआईएस’ का नाम सामने आया है। गंभीर ने 23 अप्रैल को दिल्ली के राजेंद्र नगर थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई और एसएचओ के साथ ही डीसीपी सेंट्रल से मिलकर मामले को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी मांग की है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है और जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम यूनिट को सौंप दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञ ईमेल की उत्पत्ति का पता लगाने के लिए सर्वर डिटेल्स, आईपी ऐड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तह तक जाने की कोशिश हो रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी वास्तव में आईएसआईएस से जुड़ी हुई है या किसी और ने इस नाम का इस्तेमाल करते हुए मेल भेजा है।

यह पहला मौका नहीं है जब गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले नवंबर 2021 में भी उन्हें इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस वक्त भी दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच की थी। अब एक बार फिर गंभीर को धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और गंभीर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विचार किया जा रहा है। मौजूदा हालात को देखते हुए यह मामला बेहद संवेदनशील बन गया है और पुलिस किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।