गोरखपुर वाराणसी नेशनल हाईवे पर शनिवार की शाम जो मंजर दिखा उसने चार परिवारों की दुनिया उजाड़ दी है। गरथौली टोला सिधुआपार गांव के चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आई तेज रफ्तार कार ने सबकुछ खत्म कर दिया। एक सेकेंड भी नहीं लगा और चारों की जिंदगी खत्म हो गई।
हादसे की पूरी तस्वीर एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वीडियो देखकर रूह कांप जाती है। एक तरफ ट्रैक्टर चल रहा है और उसी के पास से बाइक सवार ये चारों युवक ओवरटेक करते हैं। तभी सामने से आ रही कार सीधे टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरते हैं और दो को कार घसीटती चली जाती है।
हादसे में जिनकी जान गई उनमें सुनील कुमार प्रदुम्न कुमार अरविंद कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं। चारों एक ही गांव के रहने वाले थे। एक साथ बड़े हुए थे। साथ पढ़े थे। साथ खेलते कूदते थे। और अब मौत भी चारों को एक साथ ही ले गई।
गांव में एक साथ चार चूल्हे बुझ गए हैं। सुनील की दो बेटियां हैं। राहुल की सगाई अभी कुछ दिन पहले ही तय हुई थी। अरविंद कुछ ही समय पहले विदेश से लौटा था। हर घर में मातम पसरा है। हर आंख नम है।
हादसा हाईवे पार करते वक्त हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार जैसे ही ट्रैक्टर से आगे निकले वैसे ही सामने से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मारी। बाइक चकनाचूर हो गई। चारों युवक इधर उधर जा गिरे। स्थानीय लोग फौरन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। राहुल की सांसें जिला अस्पताल ले जाते वक्त टूट गईं।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला है। पुलिस ने बाइक और कार दोनों को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी किसकी है इसका पता लगाया जा रहा है। सिधुआपार गांव में जब एक साथ चार शव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। हर तरफ सन्नाटा था। हर गली में सिसकियां गूंज रही थीं।
चार जिंदगियां एक झटके में चली गईं। और गांव में सिर्फ यादें छोड़ गईं।
