अल्मोड़ा : बिनसर वन्य जीव विहार के कफ़डखान बीट अन्तर्गत कक्ष संख्या 17 में National Disaster Response Force (NDRF), वन विभाग के कर्मचारियों व फायर वाचरों द्वारा संयुक्त रूप से फॉरेस्ट फायर फेमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMex) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आगामी वनाग्नि काल में वनाग्नि की संभावित घटनाओं के दौरान त्वरित एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करना, संसाधनों के प्रभावी उपयोग को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करना।
अभ्यास के दौरान क्षेत्र के भौगोलिक स्वरूप एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण।
वन विभाग द्वारा वनाग्नि के दौरान उपयोग किये जाने वाले उपकरणों एवं संसाधनों का प्रदर्शन।
फायर वाचरों के साथ समन्वय बैठक एवं भूमिका स्पष्टीकरण।
वनाग्नि की स्थिति में संयुक्त प्रतिक्रिया प्रणाली (Joint Response Mechanism) का व्यावहारिक अभ्यास।
सुरक्षा उपायों तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) पर चर्चा।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट आर० एस० धपोला, निरीक्षक कनिष्क पांगती एवं उनकी टीम द्वारा वनाग्नि रोकथाम, प्रारम्भिक नियंत्रण तकनीकों तथा प्रभावी टीम समन्वय पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल द्वारा उपस्थित कर्मचारियों एवं फायर वाचरों के साथ वनाग्नि नियंत्रण पर अपने अनुभव साझा किये गये। एनडीआरएफ टीम, वन विभाग की टीम तथा फायर वाचरों की सक्रिय सहभागिता से इस संयुक्त अभ्यास को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
सभी ने यह उम्मीद जताई कि यह संयुक्त अभ्यास भविष्य में संभावित वनाग्नि घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।