कालाढूंगी हल्द्वानी रामनगर हाईवे पर गुरुवार 12 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। बोरपुल के पास लोहे की रेलिंग के करीब पहुंचते ही एक अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज़ झटके के साथ रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर पुल के बीचों–बीच पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय कार में पांच लोग मौजूद थे। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित कर दिया। सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को छुट्टी दे दी।
पुलिस के अनुसार वाहन संख्या UK06TA7954 में खटीमा निवासी ललित जोशी (43), उनकी 74 वर्षीय माता, पत्नी रश्मि जोशी (37), बेटी अवनी (12) और बड़ी बेटी अनुष्का (21) सफर कर रहे थे। जानकारी मिली है कि पूरा परिवार रामनगर में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बोरपुल की लोहे की रेलिंग से टकराने के बाद कार बेकाबू होकर बीच पुल पर पलट गई।
राहत की बात यह रही कि वाहन पुल से नीचे नहीं गिरा, वरना हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक हारून पुत्र याकूब निवासी खटीमा ने अंतिम क्षणों में तेजी से स्टीयरिंग मोड़कर गाड़ी को खाई की ओर जाने से बचा लिया। उनकी यह सूझबूझ कार के पुल से नीचे गिरने जैसी बड़ी दुर्घटना को टाल गई।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका सामने आई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा इंतज़ाम और चेतावनी संकेतों को और बेहतर करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।
