नैनीताल। सोमवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने नैनीताल प्रवास के दौरान प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री मां नयना देवी मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मां नयना देवी से राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर में पूजा के दौरान वातावरण भक्तिमय हो उठा और राष्ट्रपति ने कुछ देर ध्यान लगाकर मां के दर्शन किए।
मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति मुर्मु का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उन्हें मंदिर की परंपराओं की जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। राष्ट्रपति का यह दौरा नैनीताल के लोगों के लिए गर्व और उत्साह का विषय रहा।
