नैनीताल क्लब में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने संभाला दायित्व, शपथ समारोह में उमड़ा जनसैलाब

नैनीताल क्लब के शैले हॉल में सोमवार को जिला पंचायत नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। कार्यक्रम में सबसे…

IMG 20250901 WA0338

नैनीताल क्लब के शैले हॉल में सोमवार को जिला पंचायत नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। कार्यक्रम में सबसे पहले अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने अन्य सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।

इस मौके पर अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नैनीताल जिले को विकास की राह पर आगे ले जाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला पंचायत समग्र विकास को गति देने के लिए लगातार काम करेगी। वहीं उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की पहली बैठक छह सितंबर को सुबह 11 बजे नैनीताल क्लब के सभागार में बुलाई गई है।

शपथ ग्रहण समारोह में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हेमंत द्विवेदी, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, राज्य आंदोलनकारी गणेश बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।