हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के दौरान देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दृढ़ नेतृत्व क्षमता ने देवभूमि के विकास को नई दिशा दी है। एमबी इंटर कॉलेज के विशाल मैदान में जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज न केवल आस्था और अध्यात्म की धरोहर है बल्कि देश के उभरते हुए प्रगतिशील राज्यों में अग्रणी स्थान हासिल कर चुका है।
रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत उत्तराखंड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर की और कहा कि यह प्रदेश हमेशा से राष्ट्रभक्ति और साहस की पहचान रहा है। उन्होंने साफ कहा कि धामी सरकार ने जिस गति से फैसले लेकर उन्हें जमीन पर उतारा है, वह अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि धामी अब सिर्फ धाकड़ नेता नहीं, बल्कि पूरी तरह धुरंधर बन चुके हैं, जिन्होंने प्रदेश को विकास की तेज़ रफ्तार पर ला दिया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड ने 25 वर्षों की अपनी यात्रा में संघर्षों, उम्मीदों और उपलब्धियों का अनोखा सफर तय किया है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क का विस्तार, बिजली उत्पादन में वृद्धि, पर्यटन के नए आयाम, कौशल विकास और बढ़ते रोज़गार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने बताया कि राज्य की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और प्रति व्यक्ति आय में भी खासा इजाफा दर्ज किया गया है, जो स्थायी विकास का संकेत है।
उन्होंने धामी सरकार द्वारा लागू किए गए यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून और अतिक्रमण हटाने की मुहिम को ऐतिहासिक कदम बताया।
उनके अनुसार, सामाजिक सद्भाव, पारदर्शिता और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ये फैसले निर्णायक साबित हुए हैं। सीमांत गांवों तक विकास योजनाओं के पहुंचने और वाइब्रेंट विलेज जैसी पहल को उन्होंने भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मंच से राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और राज्य रिफॉर्म से ट्रांसफॉर्म की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
बीते चार सालों में निवेश, पर्यटन, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के बाद प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव साकार हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या भी तेजी से बढ़ी है।
धामी ने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिली है और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्य और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को भी प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण परिवर्तन बताया। बढ़ते होमस्टे और पर्यटन गतिविधियों ने पहाड़ों में रिवर्स पलायन की उम्मीद को मजबूत किया है।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। मंच पर मौजूद केबिनेट मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।

