दिल्ली रायसीना हिल्स: राष्ट्रपति भवन के पास लगी आग पर दमकल ने जल्दी काबू पाया

दिल्ली के रायसीना हिल्स इलाके में मंगलवार को हड़कंप मच गया जब खबर आई कि राष्ट्रपति भवन के पास आग लग गई है। यह आग…

दिल्ली के रायसीना हिल्स इलाके में मंगलवार को हड़कंप मच गया जब खबर आई कि राष्ट्रपति भवन के पास आग लग गई है। यह आग नर्मदा अपार्टमेंट्स के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित फ्लैट नंबर 19 में लगी थी। हालांकि, 15 मिनट के भीतर ही दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। दोपहर 1 बजकर 52 मिनट पर दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी गई और दोपहर 2 बजकर 2 मिनट पर इसे पूरी तरह बुझा दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फ्लैट में घरेलू सामान में आग लगी थी।

घटना के वक्त किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, दो मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग को तुरंत पांच दमकल गाड़ियों के साथ नियंत्रित किया गया। यह फ्लैट राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 31 के पास स्थित है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

वहीं मंगलवार रात पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में भी एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई थी। इस घटना में तीन परिवारों के सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने बताया कि चार लोगों को स्थानीय पुलिस और आसपास के लोगों ने रस्सियों की मदद से दमकल विभाग के आने से पहले बचाया। बाकी तीन लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

बचाए गए लोगों में हरविंदर सिंह (34), उनकी पत्नी प्रिया (27), वीरेंद्र सिंह (32), उनकी पत्नी प्रेमवधा, राखी कुमारी (40), उनके बच्चे वैष्णवी सिन्हा (15) और कृष्णा सिन्हा (10) शामिल हैं। सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।