दिल्ली BMW हादसा: वित्त मंत्रालय के अधिकारी की जान लेने वाली महिला ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिस ने अस्पताल से व्हीलचेयर पर उठाकर लिया हिरासत में

दिल्ली में हुए BMW हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने उस महिला गगनप्रीत को हिरासत में ले लिया है जो कार…

n68114429117579975092175cea532bf55fa7357e9079892dfe5ee6ca8e92fb1aee2abe8fdac16ae8859c83

दिल्ली में हुए BMW हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने उस महिला गगनप्रीत को हिरासत में ले लिया है जो कार चला रही थी। बताया गया कि अस्पताल में पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय गगनप्रीत व्हीलचेयर पर थीं। यह टक्कर दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास हुई थी। तेज रफ्तार BMW ने बाइक पर जा रहे दंपति को जोरदार टक्कर मारी थी। इस हादसे में वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में तैनात उप सचिव नवजोत सिंह की मौके पर ही जान चली गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

जांच में यह साफ हो गया कि हादसे के समय कार गगनप्रीत ही चला रही थीं और उनके पति साथ वाली सीट पर बैठे थे। तेज रफ्तार में चल रही BMW ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को इतनी जोर से मारा कि वह डिवाइडर से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी वजह से नवजोत सिंह की वहीं मौत हो गई। पुलिस को अब शक है कि आरोपी पक्ष ने मेडिकल रिपोर्ट में गड़बड़ी करवाने की कोशिश की।

मृतक की पत्नी संदीप कौर ने गगनप्रीत और उनके पति दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में आरोप लगाया गया कि हादसे के तुरंत बाद नवजोत और संदीप को पास के किसी अस्पताल ले जाने के बजाय बीस किलोमीटर दूर न्यू लाइफ अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को शक है कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि गगनप्रीत के पिता इस अस्पताल में पार्टनर हैं। इसी कारण यह आशंका जताई जा रही है कि मेडिकल रिपोर्ट को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। इसी वजह से पुलिस ने अब केस में सबूतों से छेड़छाड़ की धारा भी जोड़ दी है।

नवजोत सिंह के बेटे ने भी सवाल उठाया कि जब आसपास अस्पताल थे तो उनके माता पिता को इतनी दूर क्यों ले जाया गया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने हेलमेट पहना हुआ था फिर भी उनके सिर और जांघ में गंभीर चोट आई और हड्डी टूट गई। उन्हें पास के अस्पताल में तुरंत भर्ती करना चाहिए था।

इस मामले में कैब ड्राइवर गुलफाम नाम का गवाह भी सामने आया है। उसने बताया कि वह धौला कुआं की तरफ से आ रहा था तभी सड़क पर अफरातफरी देखी। उसने गाड़ी रोकी और मदद के लिए पहुंचा। उसी समय गगनप्रीत ने उससे कहा कि गाड़ी आजादपुर की ओर ले चलो। उस वक्त वह फोन पर भी किसी से बात कर रही थीं और कह रही थीं कि तैयार रहना किस अस्पताल जाना है यह उन्होंने नहीं बताया।

फिलहाल पुलिस ने हादसे में शामिल BMW को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। आरोपी पति पत्नी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।