देहरादून शहर के जीएमएस रोड क्षेत्र में एक सैलून को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यहां स्थित “लक्की हेयर ड्रेसर” नामक सैलून को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दुकान को अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता सैलून पर पहुंचे और दुकान के संचालन से जुड़ी पहचान को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सैलून के नाम और संचालनकर्ता की पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसी दौरान सैलून पर लगे डिजिटल पेमेंट क्यूआर कोड को स्कैन किया गया, जिससे दुकान संचालक की जानकारी सामने आई।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी भी हुई और सैलून के बाहर लगा बोर्ड हटा दिया गया। इसके बाद दुकान को बंद करा दिया गया। हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि जब तक पहचान और दस्तावेजों से जुड़ा मामला स्पष्ट नहीं होता, तब तक दुकान न खोले जाए।
विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि दो दिन पूर्व ही शिमला बाईपास स्थित एक गेस्ट हाउस में नाबालिग के साथ मुस्लिम युवक को पकड़ा गया। युवक को पुलिस के हवाले किया। इस घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ता सक्रिय हैं।
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि किसी भी तरह की कार्रवाई कानून के दायरे में ही होनी चाहिए और किसी भी समुदाय विशेष को लेकर निष्कर्ष निकालना जांच का विषय है।
