अल्मोड़ा में गैस आपूर्ति की समस्याओं को दूर करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित, नंबर किए जारी, डीएम ने कहा सुचारू है घरेलू गैस आपूर्ति

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित विभिन्न खाड़ी देशों में उत्पन्न वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित…

Screenshot 2026 03 11 21 20 28 04 7352322957d4404136654ef4adb64504

जिलाधिकारी बोले, अफवाहों पर ध्यान न दें, जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारूजिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित विभिन्न खाड़ी देशों में उत्पन्न वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। जिला प्रशासन अल्मोड़ा ने इन सूचनाओं को निराधार बताते हुए आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला पूर्ति विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन की दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर निर्धारित है। उपभोक्ता फोन अथवा ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के पश्चात ही डिलीवरी मैन के माध्यम से रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों तथा शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए। इसके लिए जनपद स्तर पर एक क्विक रिस्पांस टीम (Quick Response Team) गठित की गई है, जो गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी करेगी तथा किसी भी शिकायत या समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की गैस आपूर्ति संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उक्त विषय से संबंधित किसी भी सूचना देने तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन अथवा फोन के माध्यम से कराएं तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। साथ ही घबराहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही रिफिल बुक करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply