अल्मोड़ा,14 सितंबर 2025
कांग्रेस ने अपने संगठन सृजन अभियान को तेज़ कर दिया है। इसी कड़ी में 13 सितंबर को अल्मोड़ा के शिखर होटल में प्रेस वार्ता आयोजित हुई। कांग्रेस पर्यवेक्षक और गुजरात के बनासकांठा जिले के कांकरेज से विधायक अमृतजी मोतीजी ठाकोर ने बताया कि अभियान का मकसद पार्टी संगठन को गांव-गांव तक मज़बूत करना है।
ठाकोर ने कहा कि कांग्रेस “मन की बात” नहीं बल्कि “लोगों के मन की बात” करती है। उन्होंने संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि सबसे ऊपर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC), उसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC), फिर जिला,शहर कांग्रेस कमेटी (DCC), ब्लॉक स्तर, मंडल स्तर और आखिर में गांव स्तर पर संगठन का गठन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट सबसे पहले गुजरात में लागू किया गया था और अब इसे पूरे देश में आगे बढ़ाया जा रहा है। अहमदाबाद में हुई AICC बैठक में इस कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वर्ष 2025 को “संगठनात्मक सुधारों का वर्ष” घोषित किया है और संगठन सृजन अभियान उसी का हिस्सा है।
प्रेस वार्ता में पीसीसी पर्यवेक्षक भगीरथ भट्ट, विधायक मनोज तिवारी, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, पीतांबर पांडे, केवल सती, पूरन बिष्ट समेत कई नेता मौजूद रहे।
