देहरादून: उत्तराखंड में अगले साल 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेले से जुड़े सभी काम और तैयारियां 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया और कहा कि कोई भी कार्य लंबित न रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कुंभ मेला भव्य और सफल तरीके से आयोजित हो।
सीएम ने सचिव पीडब्ल्यूडी को आदेश दिया कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा, कुंभ क्षेत्र में मौजूद सभी पुलों का ऑडिट और घाटों का सौंदर्यकरण या आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण भी समय पर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर की पैड़ी सहित सभी घाटों में श्रद्धालुओं के लिए स्नान की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। मेला क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाए। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त शौचालय, पीने का पानी और सुरक्षा बलों के साथ जल पुलिस की तैनाती हो। सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मेला क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को समय पर भूमि आवंटन करने, मठों, संत समाज, समितियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने और उनके सुझावों के अनुसार तैयारियां करने का निर्देश भी दिया। कुंभ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने और वन संबंधित अनुमति कार्यों को समय पर निपटाने पर भी जोर दिया गया।
सीएम ने अधिकारियों से अन्य प्रदेशों के प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने और मेला से संबंधित विकास कार्यों को धरातल पर भी दिखने योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवास और टेंट सिटी की तैयारियों के साथ अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के बाद सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय ने बताया कि कुंभ मेले की तैयारियों के लिए छह-सात महीने पहले से बैठकें चल रही हैं। इस बैठक में मेला अधिकारियों ने अपने कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया। सीएम ने गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दोहराए।
कुंभ मेले के निरीक्षण के लिए तीन संस्थानों को थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के लिए नामित किया गया है, जिसमें आईआईटी रुड़की भी शामिल है। इसके अलावा, मेला क्षेत्र में आने वाले पुलों का सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएम ने ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया और अगली बैठक में इसी पर चर्चा करने का निर्णय लिया।
