मुख्यमंत्री धामी ने ऑपरेशन कालनेमि की सख्ती पर दिया जोर, लव जिहाद व लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का ऐलान

देहरादून के सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में शनिवार को आयोजित ‘दिव्य जागरण विमोचन समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कर दिया कि…

1000157455

देहरादून के सर्वे चौक स्थित आइआरडीटी सभागार में शनिवार को आयोजित ‘दिव्य जागरण विमोचन समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कर दिया कि देवभूमि की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत अब तक 60 से अधिक छद्म वेशधारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और यह अभियान पवित्र सावन मास और चारधाम यात्रा के दौरान भी पूरी गंभीरता से चलता रहेगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह कार्रवाई बेरोकटोक जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के जागर गीत ‘मैत्री जात्रा’ का विमोचन भी किया। सुरकंडा देवी पर आधारित इस जागर गीत की प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जागर हमारी संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रमाण हैं। ये सिर्फ गीत नहीं बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा से भरे संवाद हैं जो देवताओं से जुड़ाव का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि जागर, वेदों की भांति गूढ़ और अनुभूति से जुड़ी परंपरा है, जिसे संरक्षण और प्रचार देने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

धामी ने कहा कि मां सुरकंडा देवी न केवल लोक आस्था का केंद्र हैं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का अहम स्तंभ भी हैं। उन्होंने पद्मश्री प्रीतम भरतवाण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार भी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मां सुरकंडा मंदिर तक रोपवे संचालन की व्यवस्था सरकार ने ही शुरू की थी ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. केपी जोशी, डॉ. महेश कुड़ियाल, साहित्यकार सचिदानंद सेमवाल, सहायक विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद भट्ट, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तुदास, मां सुरकंडा के पुजारी शशिभूषण लेखवार, राजपाल जड़धारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजकीय सेवाओं में आने के लिए पूरे विश्वास और लगन से तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पारदर्शी और योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया अपनाई गई है, जिसमें प्रतिभाशाली युवाओं को ही अवसर मिल रहा है।

पद्मश्री प्रीतम भरतवाण द्वारा रचित जागर गीत ‘मैत्री जात्रा’ में भगवती जगदंबा के लोक पक्ष को उकेरा गया है। इस गीत का निर्देशन विजय भारती ने किया है और संगीत रंजीत सिंह ने दिया है। इसमें अनिता नौटियाल, राय सिंह रावत और रविता शाह ने अभिनय किया है। कार्यक्रम में उषा देवी द्वारा ढोल वादन और जागर गायन के साथ बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।