देहरादून स्थित शिक्षा निदेशालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ समर्थकों के साथ निदेशालय पहुंचे और विवाद के दौरान स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई, जिससे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद अजय कुमार नौडियाल को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। जानकारी के अनुसार एक स्कूल का नाम बदलने पर हुई चर्चा के दौरान बहस बढ़ी और माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद निदेशक के साथ मारपीट हो गई। निदेशक ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए है ,कर्मचारियों का दावा है कि विधायक समर्थकों ने अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया और आक्रामक व्यवहार अपनाया।
घटना के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और कर्मचारी निदेशालय के बाहर धरने पर बैठ गए, उन्होंने कहा कि यदि कार्यप्रणाली पर आपत्ति थी तो वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा सकती थी। कर्मचारी संगठनों ने संबंधित विधायक और समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक माहौल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं और मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।
