दिशा पाटनी के घर पर तड़के गोलियों की बरसात, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह ने जिम्मेदारी लेते हुए बताई हमले की वजह

बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर गुरुवार देर रात गोलीबारी से हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित इस मकान…

Pi7compressedn6808174051757740739504df78819c5305caa2efd671906a82f381e4684994194f20ba328618c6b923164a

बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर गुरुवार देर रात गोलीबारी से हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित इस मकान में दिशा के पिता और यूपी पुलिस के रिटायर्ड डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी रहते हैं। घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई जब बाइक पर आए दो हमलावरों ने घर के गेट और दीवार को निशाना बनाते हुए चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और एसपी सिटी तथा एसपी क्राइम की अगुवाई में पांच टीमें जांच में जुट गईं।

हमले की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह ने ली है। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर कहा कि यह कार्रवाई दिशा की बहन खुशबू पाटनी की टिप्पणी का जवाब है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आगे किसी ने संतों या धर्म को लेकर अपमानजनक बात कही तो अंजाम गंभीर होंगे। हालांकि विवादित पोस्ट बाद में हटा दिया गया।

पोस्ट में साफ लिखा गया कि खुशबू पाटनी ने संत प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य का अपमान किया था और सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। संदेश में इसे सिर्फ एक ट्रेलर बताया गया और अगली बार जान से मारने की धमकी भी दी गई।

दरअसल यह विवाद कुछ महीने पहले तब शुरू हुआ था जब खुशबू पाटनी का एक वीडियो सामने आया। उस वीडियो को लेकर दावा किया गया कि उन्होंने प्रेमानंद महाराज के खिलाफ बोला है। बाद में खुशबू ने खुद स्पष्ट किया कि उनका वीडियो प्रेमानंद के लिए नहीं बल्कि अनिरुद्धाचार्य को लेकर था। अनिरुद्धाचार्य ने लिव-इन रिलेशनशिप पर बयान दिया था जिस पर खुशबू भड़क गई थीं और उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। यही मामला अब तूल पकड़ गया है और उसी को लेकर पाटनी परिवार को धमकी मिल रही है।