देहरादून/त्यूणी: जनपद देहरादून के अंतर्गत त्यूणी क्षेत्र से एक दुखद समाचार सामने आया है। यहाँ कांडा बैंड के पास एक ‘फोर्स ट्रैक्स तूफान’ वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
SDRF का रेस्क्यू अभियान
आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को थाना त्यूणी द्वारा घटना की सूचना मिलने पर पोस्ट त्यूनी से उप निरीक्षक प्रेम सिंह के नेतृत्व में SDRF (Special Disaster Response Force) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति अत्यंत विकट थी, लेकिन टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
खाई से निकाला गया शव
SDRF के जवानों ने विषम और दुर्गम परिस्थितियों में खाई के भीतर उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने मृतक के शव को बरामद कर 400 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुँचाया।
हादसे का शिकार हुए चालक की पहचान महेश थापा (उम्र 35 वर्ष), पुत्र खड़क बहादुर, निवासी त्यूनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक ही सवार था।
SDRF टीम ने शव को अग्रिम कार्यवाही के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।पुलिस दुर्घटना के कारणों की जाँच कर रही है।
