पौड़ी में जिला कोर्ट और DM ऑफिस को मिली बम धमकी से मचा हड़कंप, ईमेल के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश

पौड़ी गढ़वाल में बुधवार दोपहर तब अफरा-तफरी मच गई, जब जिला एवं सत्र न्यायालय के साथ-साथ जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को एक संदिग्ध ईमेल के जरिए…

1200 675 26071112 thumbnail 16x9 pauri

पौड़ी गढ़वाल में बुधवार दोपहर तब अफरा-तफरी मच गई, जब जिला एवं सत्र न्यायालय के साथ-साथ जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को एक संदिग्ध ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। धमकी मिलते ही प्रशासन ने बिना देर किए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेते हुए सतर्कता बढ़ा दी। पुलिस ने कोर्ट परिसर और उसके आसपास सघन जांच शुरू कर दी।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

ईमेल में लिखी धमकी सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर न्यायालय और कलेक्ट्रेट भवन की सुरक्षा तत्काल मजबूत की गई। एहतियात के तहत आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई और मौजूद कर्मचारियों व नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
पौड़ी पुलिस ने मौके पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाकर दोनों परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अदालत कक्षों, अभिलेखागार, दफ्तरों, पार्किंग और खड़े वाहनों तक की बारीकी से तलाशी की गई। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी बनाए रखी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।

उधर, पिछले तीन दिनों में उत्तराखंड के कई जिलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं।

बुधवार को देहरादून जिला न्यायालय को भी धमकी मिली, जबकि इससे पहले टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल की अदालतें भी ऐसे मेल प्राप्त कर चुकी हैं।