चमोली जिले से सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आई है। नारायणबगड़ के गढ़कोट इलाके में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
नारायणबगड़ थाना प्रभारी विनोद चौरसिया ने बताया कि हादसा मींग गधेरा से हंसकोटी-खेनोली मोटर मार्ग पर गढ़कोट लेलाछिमा तोक के पास हुआ। बोलेरो संख्या यूके टीए 2296 में तीन लोग सवार थे। अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ा और वह गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और डी.डी.आर.एफ. की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खाई में उतरकर घायलों और मृतक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद 35 वर्षीय प्रकाश सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी गढ़कोट को मृत घोषित कर दिया। वहीं दर्शन सिंह पुत्र पुष्कर सिंह उम्र 33 वर्ष और विक्रम सिंह पुत्र पुष्कर सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्वाड़ लगा गढ़कोट गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से खाई में गिरा। जांच की जा रही है और परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले रुद्रप्रयाग जिले में भी इसी तरह का सड़क हादसा हुआ था। वहां केदारनाथ हाईवे पर भीरी बाजार के पास एक वाहन खेत में जा गिरा था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे।
