उत्तराखंड बगवाड़ा निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। इस मामले में पुलिस ने महिला ब्लॉगर पर एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू की है।
किच्छा रोड बगवाड़ा निवासी ममता त्रिपाठी पत्नी टीडी त्रिपाठी ने साैंपी तहरीर में कहा है कि वह उत्तराखंड की संस्कृति एवं भगवान तथा देवी देवताओं का सम्मान करती है। उत्तराखंड राज्य की नारी शक्ति के प्रति आदर रखती है।
इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे वीडियो में हरिपुर लालमणि किशनपुर घुड़दौड़ा हल्द्वानी नैनीताल निवासी ज्योति अधिकारी पत्नी गोपाल सिंह अधिकारी सार्वजनिक स्थान पर एक दराती को लहराते हुए उत्तराखंड की महिलाओं और संस्कृति तथा उत्तराखंड के देवी देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी एवं भद्दी भाषा का प्रयोग कर रही है। जिसमें ज्योति अधिकारी कह रही है कि कुमाऊं की महिलाओं में धार नहीं है।
कुमाऊं की औरतें तो कौथिकों में नाच रही हैं। जैसा फर्जी देवता हो गया है इनके अन्दर आने वाला, वैसे ही वह भी फर्जी औरत हो गई है।
यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि ज्योति अधिकारी ने खुलेआम पब्लिक प्लेस में दराती लहराई और उत्तराखंड के स्थानीय संस्कृति उत्तराखंड के प्राचीन हिंदू भगवान देवी देवताओं का अपमान किया।
महिलाओं का भी उन्होंने अपमान किया जिससे काफी वह आहत हुई है। ममता त्रिपाठी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला ब्लॉगर ज्याेति अधिकारी पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
