देहरादून से आई इस खबर ने प्रदेश की राजनीति में फिर से हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि उत्तराखंड में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेहद मानती है और उनके कामों पर पूरा विश्वास करती है। धामी का कहना है कि आज कार्यशाला के जरिये पार्टी के कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है ताकि वे जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बता सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता यह समझ रही है कि मौजूदा सरकार ने ऐसे काम किए हैं जो पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि विकास के नए दरवाजे खोले गए हैं और आने वाले वक्त में युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
तीसरी बार सत्ता में वापसी के सवाल पर धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नया संगठन तैयार हो चुका है और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अनुभवी कार्यकर्ता भी पूरी मजबूती से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि चाहे लोकसभा हो विधानसभा हो या पंचायत चुनाव हो हर बार जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और जीत दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का योगदान हमेशा अहम रहा है और यही कारण है कि जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 और 2029 में भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा की सरकार बनेगी और उसी दिशा में सभी कार्यकर्ता जुटे हैं।
पूर्ण बहुमत की सरकार पर सवाल किए जाने पर धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में चौतरफा विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना हो हवाई सेवाओं का विस्तार हो स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्त होना हो या पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में बड़े बदलाव हों हर जगह काम तेजी से हुआ है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच खास रिश्ता है और जनता हमें लगातार आशीर्वाद दे रही है। धामी ने कहा कि हम उसी मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
