पुलिस चौकी खैरना से कैंची धाम के समीप एक महिंद्रा XUV500 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इस दर्दनाक हादसे में अल्मोड़ा निवासी तीन लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में एक कर्मचारी संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष पुष्कर भैसोंड़ा, शिक्षक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष संजय बिष्ट,और तीसरे शिक्षक संघ के ब्लॉक महामंत्री सुरेन्द्र भंडारी बताए जा रहे हैं। मनोज कुमार नामक एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार एसडीआरएफ को एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी प्राप्त हुई। वाहन में चार व्यक्तियों के सवार होने की संभावना बताई गई।
सूचना मिलते ही पोस्ट खैरना से निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
मौके पर पहुँचकर पाया गया कि अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही एक बारात की गाड़ी रतिघाट नामक स्थल पर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।
कठोर भू-भाग, गहरी खाई, रात्रि का अंधकार एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने पूरी तत्परता के साथ रेस्क्यू अभियान संचालित किया।

SDRF रेस्क्यू टीम द्वारा 1 घायल व्यक्ति को गहरी खाई से सुरक्षित निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया जबकि 3 मृतकों के शवों को खाई से निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया। घटना के बाद अल्मोड़ा में उनके परिचितों और परिजनों में कोहराम मच गया है।
घायल
1.मनोज कुमार, निवासी अल्मोड़ा
मृतकों के नाम-
- संजय बिष्ट, निवासी अल्मोड़ा
- सुरेंद्र भंडारी, निवासी अल्मोड़ा
- पुष्कर भैसोड़ा, निवासी अल्मोड़ा
