उत्तराखंड में प्राइवेट टैक्सी कंपनियों को चुनौती देने के लिए अब भारत टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है। सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसके लॉन्च की घोषणा पहले ही कर दी थी।
इस योजना में राज्य के टैक्सी चालकों को उनके वाहन का असली मालिक बनाया जाएगा। उन्हें न केवल अपनी कमाई का पूरा हक मिलेगा बल्कि सुरक्षा और सम्मान भी सुनिश्चित किया जाएगा। सहकारिता मंत्री ने बताया कि इस सहकारी मॉडल का मकसद बड़ी कंपनियों की तरह कमीशन आधारित कमाई नहीं, बल्कि चालकों को उनके मेहनत की कमाई का पूरा अधिकार देना है।
उत्तराखंड में इस योजना की संभावनाएं बहुत उज्ज्वल हैं। देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थल और शांत वातावरण के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। अकेले चारधाम यात्रा में ही हर साल लगभग 50 लाख श्रद्धालु आते हैं, जबकि पिछले साल राज्य में चार करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु आए, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को देश की पहली सहकारी-आधारित टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि यह सेवा चालकों को सम्मान और उनके मुनाफे का अधिकार दिलाएगी, साथ ही महिला चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी।
अब ड्राइवर का वाहन उसकी मेहनत की कमाई करेगा और बड़ी टैक्सी कंपनियों के छिपे शुल्कों से मुक्त रहेगा।
