हवालबाग (अल्मोड़ा)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रंस एकेडमी हवालबाग तथा जन शिक्षा केंद्र हवालबाग के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुंदर पोस्टर एवं कार्ड बनाकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग की ओर से डॉ. सना ने समाज में महिलाओं की स्थिति तथा उनके स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता के विषय में विद्यार्थियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों को जानकारी दी।
समाजसेवी अमृता खरे ने स्वच्छता, स्वच्छ परिवेश और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए समाज में समता और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन गोविंद कुमार ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक पंत ने विद्यालय में स्थापित जन शिक्षा केंद्र की गतिविधियों एवं भावी कार्य योजनाओं की जानकारी देते हुए बालक-बालिका में समानता और शिक्षा के प्रसार पर बल दिया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
