अल्मोड़ा,29 मार्च 2026
सोबन सिंह जीना (SSJ) विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा एक बार फिर विवादों के घेरे में है। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गोपाल भट्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए घोटाले की आशंका जताई है। भट्ट ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
गोपाल भट्ट का आरोप है कि विश्वविद्यालय परिसर में लाखों रुपये के निर्माण कार्य बिना किसी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया के, नियमों को ताक पर रखकर कराए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने विवि में वित्तीय विश्वविद्यालय में विभिन्न सामग्रियों की खरीद और सरकारी धन के उपयोग में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र हितों की लगातार अनदेखी कर रहा है। समय पर परीक्षाएं न होना, परिणाम घोषित न होना और प्रवेश प्रक्रिया में देरी जैसे मुद्दों से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। नियमित कक्षाओं के संचालन में भी लापरवाही बरती जा रही है।
भट्ट ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर पारदर्शिता और निष्पक्षता के अभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत व्यक्तियों को संरक्षण दिया जा रहा है।गोपाल भट्ट ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच समिति का गठन करने और जांच पूरी होने तक विश्वविद्यालय में चल रहे सभी निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग करने के साथ ही दोषी अधिकारियों को उनके पदों से हटाकर कठोर और त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।
गोपाल भट्ट ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन गंभीर आरोपों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस छात्र और जनहित के मामले में चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने अप्रैल माह से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

