देवभूमि को नशा मुक्त बनाने के मिशन के तहत अल्मोड़ा पुलिस नशे के सौदागरों पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके की नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर अमल करते हुए, कोतवाली पुलिस और एसओजी,एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने लोधिया बैरियर के पास से दो युवकों को 11.46 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोधिया बैरियर पर दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पहले युवक सज्जन बिष्ट के पास से 5.30 ग्राम और दूसरे युवक प्रभांशु उर्फ कन्नू कपिल के पास से 6.16 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11.46 ग्राम अवैध स्मैक जब्त कर ली है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए युवकों की पहचान सज्जन बिष्ट (उम्र 23 वर्ष), पुत्र रमेश सिंह बिष्ट, निवासी दुगालखोला, जनपद अल्मोड़ा और प्रभांशु उर्फ कन्नू कपिल (उम्र 28 वर्ष), पुत्र स्व. नवीन चन्द्र, निवासी ग्राम दियारी, कोतवाली भवाली, जिला नैनीताल के रूप मे हुई है।

