दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खतरा

email image link दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है और इससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा…


दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है और इससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। यह समस्या सिर्फ खांसी, आंखों में जलन या सांस की तकलीफ तक सीमित नहीं रह गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ता प्रदूषण दिल और दिमाग पर भी असर डाल रहा है।


अमेरिका में किए गए एक अध्ययन में बताया गया है कि वायु प्रदूषण अब बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चुनौती बन चुका है। जब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लंबे समय तक खराब रहता है, तो इसका सीधे बच्चों के मस्तिष्क विकास पर असर पड़ता है। अध्ययन में यह खुलासा हुआ कि बच्चों का दिमाग विकास की अवस्था में होने के कारण प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के प्रति बेहद संवेदनशील होता है। ये कण शरीर में प्रवेश कर मस्तिष्क की कार्यक्षमता और विकास को प्रभावित कर सकते हैं।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272


सर्दियों में ठंड और स्मॉग के कारण यह प्रभाव और अधिक बढ़ जाता है। प्रदूषित हवा के लगातार संपर्क में रहने से शरीर में सूजन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जो मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है। इसके परिणामस्वरूप बच्चों में ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत, सीखने की क्षमता में कमी और स्मरण शक्ति कमजोर होना जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।

इसके अलावा, बच्चों में चिड़चिड़ापन, उदासी और व्यवहार संबंधी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं।


अध्ययन में यह भी पाया गया कि जिन बच्चों में पहले से ADHD, अल्जाइमर, डिमेंशिया या पार्किंसंस जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का खतरा होता है, उनमें प्रदूषण के कारण लक्षण और अधिक गंभीर हो सकते हैं। ऐसे बच्चों में बेचैनी, गुस्सा, आवेगशील व्यवहार और अवसाद की संभावना बढ़ जाती है।


विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषित हवा में सांस लेने के लिए शरीर को अधिक मेहनत करनी पड़ती है, और इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है। खासतौर पर अस्थमा, एंग्जायटी या ऑटिज़्म से पीड़ित बच्चों में घबराहट, पैनिक अटैक, नींद में कमी और व्यवहार में अचानक बदलाव अधिक दिखाई देता है। यह स्थिति बच्चों की पढ़ाई, सामाजिक व्यवहार और भावनात्मक संतुलन को भी प्रभावित कर सकती है।


स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि हाई AQI वाले दिनों में बच्चों को बाहर खेलने से रोकना चाहिए। बाहर निकलते समय मास्क पहनना अनिवार्य है और घर के अंदर हवा को साफ बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए। वायु प्रदूषण केवल सांस की समस्या नहीं, बल्कि बच्चों की मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।