उत्तरकाशी के बाद अब पौड़ी में कुदरत का कहर, पांच मजदूर पानी के सैलाब में बहे, दो महिलाएं मलबे में दबी

उत्तराखंड में आसमान से कहर बरस रहा है। एक तरफ उत्तरकाशी का धराली गांव अब भी मलबे में दबा हुआ है, दूसरी तरफ पौड़ी गढ़वाल…

उत्तराखंड में आसमान से कहर बरस रहा है। एक तरफ उत्तरकाशी का धराली गांव अब भी मलबे में दबा हुआ है, दूसरी तरफ पौड़ी गढ़वाल से भी हालात बिगड़ने की खबरें आ रही हैं। मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश ने जिले के कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। पौड़ी तहसील के बुरांसी गांव से दो महिलाओं के मलबे में दबे होने की जानकारी मिली है। इनमें से एक महिला का शव बरामद कर लिया गया है। जबकि दूसरी महिला की तलाश में राहत बचाव दल जुटा हुआ है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

इसी बीच थैलीसैंण तहसील के बांकुड़ा गांव से भी चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां नेपाली मूल के पांच मजदूर तेज बारिश और बहते पानी में लापता हो गए हैं। जिनकी तलाश के लिए प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। बताया गया है कि इस हादसे में कुछ मजदूर घायल भी हुए हैं। जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है और प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने हालात की गंभीरता को देखते हुए खुद मौके का दौरा किया। उन्होंने बताया कि जिले में सोमवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। जिससे कई इलाकों में लैंडस्लाइड हुए हैं। कई सड़कें बंद हो गई हैं। कई गांवों को नुकसान पहुंचा है। कुछ घरों को भी क्षति पहुंची है। प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है।

पाबौ क्षेत्र में कलगाड़ी के पास नेशनल हाईवे पर पुल टूट गया है। जिसे जोड़ने के लिए बैली ब्रिज मंगवाया जा रहा है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को पहाड़ से आए भारी मलबे और पानी के सैलाब ने पूरे गांव को तहस-नहस कर दिया था। जिसमें छह लोगों की मौत हो चुकी है। पंद्रह से अधिक लोग अब भी लापता हैं। खराब मौसम की वजह से धराली तक रेस्क्यू टीम को पहुंचने में परेशानी हो रही है। रास्ते जगह-जगह बंद पड़े हैं। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज कर दिया है।