पंजाब के बठिंडा में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में उसके प्रेमी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। 11 फरवरी को बेहमन दीवाना क्षेत्र के पास खेतों में एक सूटकेस मिलने की सूचना पर जब पुलिस ने उसे खोला, तो अंदर महिला का आधा जला हुआ शव देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। पहचान होने के महज़ 48 घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी हत्या के बाद कई घंटों तक शव के साथ ही मौजूद रहा। उसने मृतका के चेहरे और सीने पर चाकू की मदद से अपने नाम का निशान उकेरा और उसके बाद तस्वीरें भी खींचीं। पहचान छिपाने के इरादे से उसने शरीर को जलाने की कोशिश की और फिर उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा, लेकिन अंत में पुलिस की पकड़ में आ गया।
एसएसपी ज्योति यादव के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 35 वर्षीय प्रिंस कुमार की महिला से पिछले कुछ महीनों से जान पहचान थी। महिला किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहती थी, लेकिन प्रिंस से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। 9 फरवरी की रात दोनों सुर्खपीर रोड स्थित मकान में साथ थे।
11 फरवरी को बहमन दीवाना गांव के पास खेतों में पड़ा सूटकेस ग्रामीणों को संदिग्ध लगा, जिसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस टीम ने सूटकेस खोला तो एक अधजला शव बरामद हुआ, जो पहली नज़र में ही महिला का प्रतीत हो रहा था।
तफ्तीश में पता चला कि मृतका का नाम सपना उर्फ मलिका था। वह मूल रूप से बाघापुराना, मोगा की रहने वाली थी और बठिंडा में रह रही थी। परिवार के विरोध के बावजूद वह एक व्यक्ति के साथ रह रही थी और अपना नाम बदलकर मलिका रख लिया था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान प्रिंस से हो गई और दोनों में संबंध बन गए।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की तकनीकी जांच शुरू करवाई। फुटेज में मलिका को आखिरी बार पारसराम नगर इलाके में देखा गया था। करीब दर्जन भर लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस की टीम प्रिंस कुमार तक पहुंची।
शुरुआती पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि 9 फरवरी को दोनों साथ थे और इसी दौरान उसने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश की, ताकि सबूत न मिल सके। 10 फरवरी की रात वह शव को लेकर इधर-उधर भटकता रहा, मगर उसे कहीं ठिकाने नहीं लगा पाया। अगले दिन उसने मलिका के शव को एक सूटकेस में रखा और अपनी चांदी रंग की कार से मलौत रोड की ओर ले जाकर बेहमन दीवाना के पास फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में उपयोग की गई गाड़ी और चाकू बरामद कर लिया है। एसएसपी के मुताबिक आरोपी पहले किसी आपराधिक मामले में शामिल नहीं रहा है, लेकिन वह नशे का आदी है। जांच में यह भी सामने आया कि वह दो दिनों तक मृतका के शव के साथ ही रहा और उसी दौरान उसने उसके चेहरे और सीने पर अपने नाम के निशान बनाए और तस्वीरें भी लीं।
