9 जानें लेने वाली भगदड़ के बाद जागा प्रशासन, मनसा देवी मार्ग पर अब हाईटेक इंतज़ाम

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ में मरने वालों की तादाद अब नौ तक पहुंच गई है। आज इलाज के दौरान एक महिला…

n67428339617536184522797f6fa79711f8bc67f40c0ef6971c4a5ee4add46d8fc00d9f94214d8748b2ae6d

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ में मरने वालों की तादाद अब नौ तक पहुंच गई है। आज इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। अब तक इस हादसे में उनतीस लोग घायल हुए हैं। जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। इस बीच मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब मंदिर तक जाने वाले पैदल और सीढ़ी वाले दोनों रास्तों को हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने इस बारे में बातचीत में जानकारी दी है।

हादसा उनतीस जुलाई को हुआ था। उस दिन वीकेंड होने की वजह से मंदिर में भारी भीड़ थी। श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे थे। तभी मंदिर के रास्ते में किसी ने करंट फैलने की अफवाह उड़ा दी। इसके बाद भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। अफरातफरी में कई लोग बुरी तरह कुचल गए। इस घटना में मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई थी। अब एम्स ऋषिकेश में भर्ती एक और महिला की मौत हो चुकी है। जिसके बाद मृतकों की गिनती नौ हो गई है।

हादसे में घायल लोगों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिर हालत गंभीर होने पर तेरह लोगों को एम्स रेफर किया गया। आज एम्स में भर्ती फूलमती नाम की महिला ने दम तोड़ दिया। बाकी पांच लोगों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को पचास हजार की राहत राशि देने का एलान किया है। इसके साथ ही मंदिर ट्रस्ट ने भी अपनी तरफ से मृतकों के परिवार को पांच लाख और घायलों को एक लाख रुपये की मदद देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

हादसे के बाद अब मंदिर मार्ग को पूरी तरह से तकनीकी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने बताया कि रास्ते में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए जाएंगे। कई जगह टॉयलेट और पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर परिसर में मौजूद डिस्पेंसरी को भी अपग्रेड किया जाएगा। जहां डॉक्टर की तैनाती की जाएगी। जूता स्टॉल को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा ताकि रास्ते में कोई अव्यवस्था न हो।

डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि भगदड़ की जांच शुरुआती स्तर पर है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।