बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता मनोज बाजपेयी गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी दौरान उनकी मुलाकात उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से हुई। दोनों के बीच यह मुलाकात जल्दी ही लंबी और सकारात्मक बातचीत में बदल गई।
अभिनेता और पुलिस अधिकारी ने समाज में सिनेमा की भूमिका, कानून व्यवस्था, युवाओं की सोच, अनुशासन और व्यक्तिगत जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर विचार-विमर्श किया। दोनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए यह जानने की कोशिश की कि सिनेमा और प्रशासन मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव कैसे ला सकते हैं।
बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस से खासे प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसी फिटनेस फिल्मों में भी बहुत मायने रखती है। इस मौके पर अभिनेता ने अपने स्वास्थ्य संबंधी कुछ टिप्स भी साझा किए। मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मनोज बाजपेयी दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। वे तब चर्चा में आए थे जब 70 गाड़ियों और 300 पुलिसकर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की थी।
इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और मणिकांत मिश्रा की कड़ी नीतियों ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हलचल मचा दी थी।
मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
