गोवा के नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गायब हुए क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को मंगलवार भारत वापस लाया गया है। भारत सरकार की त्वरित कार्रवाई और कूटनीतिक प्रयासों के बाद दोनों भाइयों को थाईलैंड से डिपोर्ट किया गया था।
भारत पहुंचने के बाद ही गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
अग्निकांड के बाद दोनों भाई दिल्ली स्थित अपने घर से रातोंरात गायब हो गए थे। इतना ही नहीं बल्कि अपनी आधा दर्जन लग्जरी गाड़ियों को भी ठिकाने लगा दिया था। लेकिन भारत सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके पासपोर्ट निरस्त कर दिए थे। जिसके बाद थाईलैंड के अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही, दोनों भाइयों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था, जिससे उनकी अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी रोक लगा दी गई है।
गिरफ्तारी के बाद अब गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को पटियाला कोर्ट में पेश करेगी। कोर्ट में पेशी के बाद गोवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। वहीं दोनों का मेडिकल परीक्षण भी होगा।
जब क्लब में अग्निकांड हुआ तब क्लब में सुरक्षा के कोई भी आवश्यक उपकरण नहीं थे। नाइट क्लब में आग बुझाने के यंत्र भी मौजूद नहीं थे। आग लगने पर कर्मचारी गिलास से पानी फेंककर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
