देहरादून के मच्छी बाजार में युवती की दिनदहाड़े हत्या, दो साल पुरानी जान-पहचान ने लिया खौफनाक रूप

राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में मंगलवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब 23 साल की युवती की दिनदहाड़े चापड़…

Whats App Image 2026 03 19 at 11 25 19 AM


राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में मंगलवार को उस वक्त दहशत फैल गई, जब 23 साल की युवती की दिनदहाड़े चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बाजार में मौजूद लोग इस घटना को देखकर सन्न रह गए और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया। अब पुलिस ने मामले में नया खुलासा किया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

घटना में मारी गई युवती गुंजन और आरोपी आकाश कुमार के बीच पिछले दो साल से जान-पहचान थी। गुंजन दूल्हा कपड़ा मार्केट की एक दुकान में काम करती थी। इसी दौरान दोनों में बातचीत शुरू हुई। लेकिन कुछ महीने पहले आकाश की शादी हो गई, जिसके बाद गुंजन ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। उसने आकाश से मिलना-जुलना और फोन पर बात करना भी बंद कर दिया था।

आकाश इस दूरी को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। वह रोजाना गुंजन का पीछा करने लगा। गुंजन ने कई बार उसे समझाया, रोकने की कोशिश की, लेकिन आकाश लगातार उसके पीछे लगा रहा। गुंजन हर बार उससे बचने का प्रयास करती थी, जबकि आकाश किसी भी हाल में उसे छोड़ने को तैयार नहीं था।

31 जनवरी को आकाश ने गुंजन का रास्ता रोकने की कोशिश की और जब गुंजन ने उसे डांटकर वहां से हटने को कहा, तो उसने उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली। यह घटना गुंजन को डरा गई और उसने उसी दिन खुड़बुड़ा चौकी में उसकी शिकायत दर्ज करा दी। गुंजन ने पुलिस को साफ कहा था कि उसे आकाश से जान का खतरा है। शायद उसे लगा होगा कि अब शिकायत के बाद आकाश पीछे हट जाएगा।

लेकिन आज सुबह हालात एकदम उलट गए। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। गुंजन दुकान के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी कर रही थी, तभी अचानक पीछे से आकाश आया और चापड़ से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी आकाश को मौके से पकड़ लिया है और पूछताछ जारी है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की थी। आरोपी का फोन लगातार बंद आ रहा था। पुलिस उसकी तलाश में दो-तीन बार उसके घर भी गई, लेकिन उसकी पत्नी ने बताया कि वह तीन दिन से घर नहीं लौटा है। पुलिस उसे खोज रही थी, लेकिन वह फरार था। आज अचानक बाजार में पहुंचकर उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।


देहरादून में हुई यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है, वहीं स्थानीय व्यापारियों ने युवती की हत्या के बाद पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।